मुंबई में पानी कटौती से परेशान लोगों के तंगी में राहत की खबर है। बीएमसी के अधिकारी का कहना है कि अगस्त में पानी कटौती समाप्त हो सकती है। सातों झीलों में से अपर वैतरणा, मध्य वैतरणा और भातसा में पानी का स्टॉक 75 से 80 प्रतिशत होने पर मुंबई में पानी कटौती रद्द की जा सकती है।


मुंबई : 1 जुलाई से पानी कटौती का सामना कर रहे मुंबईकरों को अगस्त में राहत मिल सकती है। बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि सातों झीलों खासकर अपर वैतरणा, मध्य वैतरणा और भातसा में पानी का स्टॉक 75 से 80 प्रतिशत होने पर मुंबई में पानी कटौती रद्द की जा सकती है। जिस तरह से झीलों का जलस्तर बढ़ रहा है, उससे उम्मीद है कि 10 से 15 अगस्त के बीच मुंबई में पानी कटौती रद्द होने की घोषणा हो सकती है।
मुंबई को पानी आपूर्ति करने वाली सातों झीलों में से चौथी झील मोडक सागर गुरुवार की देर रात ओवरफ्लो होकर बहने लगी। इससे पहले तुलसी, विहार और तानसा झीलें भी ओवरफ्लो हो चुकी हैं। मुंबई को पानी की आपूर्ति करने वाले झील क्षेत्रों में लगातार अच्छी बारिश दर्ज की जा रही है। मुंबई को देने वाली सातों झीलों में शुक्रवार की सुबह 6 बजे तक 985130 एमएलडी पानी जमा हो चुका है, जो झीलों की कुल भंडारण क्षमता का 68.06 प्रतिशत है। मुंबई को अपर वैतरणा, मोडक सागर, तानसा, मध्य वैतरणा, भातसा, विहार और तुलसी झील से प्रतिदिन 3850 एमएलडी पानी की आपूर्ति की जाती है। इन झीलों की कुल भंडारण क्षमता 14,47363 एमएलडी है।

आठ दिनों में चार झीलें भर गईं

- 20 जुलाई को दोपहर 1.25 बजे तुलसी झील ओवरफ्लो हो गई।
- 26 जुलाई की रात 12:48 बजे विहार लेक पूरी तरह भर गई।
- 26 जुलाई को ही सुबह 4:35 बजे तानसा झील ओवरफ्लो हुई।
- 27 जुलाई की रात 10.52 बजे मोडक सागर भी ओवरफ्लो हो गया।

28 जुलाई को झीलों में पानी का स्टॉक

वर्ष 2023 -8,52,957 एमएलडी- 68.06 प्रतिशत
वर्ष 2022- 1276116 एमएलडी-88.17 प्रतिशत
वर्ष 2021- 1013870 एमएलडी- 70.05 प्रतिशत


Share To:

Post A Comment: