नीरज कुमार / खगड़िया
लम्बे समय तक इंतजार के बाद शनिवार की शाम को आखिरकार मानसून ने खगड़िया जिले में दस्तक दे दिया। मानसून की बौछार ने जिलेवासियों को गर्मी से बड़ी राहत दी है। खगड़िया समेत प्रदेश के अधिकतर जिलों में शनिवार की शाम को बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार इस समय समूचे बिहार में मानसून सक्रिय है। चार दिनों तक बारिश होने के आसार हैं। कुछ जिलों में भारी बारिश भी हो सकती है। बिहार में इस समय बारिश के लिहाज से मौसम अनुकूल बना हुआ है। राज्य में 16 जून को मानसून ने दस्तक दिया था। इस दौरान कुछ जिलों में बारिश हुई। इसके बाद मानसून का सिस्टम झारखंड, ओडिशा और मध्यप्रदेश की तरफ निकल गया। इसकी वजह से इन राज्यों में अच्छी बारिश हुई। अब फिर से बिहार में बारिश शुरू हुई है।

शनिवार को कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। छपरा, सीवान और गोपालगंज में करीब 20 एमएम, गया व नवादा में तेज बारिश तो बिहारशरीफ में हल्की बारिश हुई। इसके अलावा रोहतास, औरंगाबाद में भारी और आरा-बक्सर में छिटपुट बारिश हुई। इधर, पिछले दो हफ्ते से परेशान खगड़िया जिलावासियों को भी गर्मी से थोड़ी राहत मिली। जिले में पिछले कई दिनों से बादल उमड़-घुमड़ रहे थे। लोग बारिश की बुंदों के इंतजार में थे और शनिवार की शाम इंद्रदेव मेहरबान हुए और अच्छी बारिश हुई। पटना, खगड़िया समेत अन्य जिलों में अगले 48 घंटे तक हल्की व तेज बारिश होगी। मानसून आने के बाद भी जिले में बारिश नहीं हो रही थी और अधिकतम तापमान बढ़ता जा रहा था। इस कारण से उमस भी बढ़ी हुई थी, बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
Share To:

Post A Comment: