बांका, (रिर्पोटर) : जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित पीभीएस  कॉलेज मैदान तथा  बेलहर  के झा मां मैदान में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी एवं केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने संयुक्त रूप से एनडीए के दो चुनावी सभा को संबोधित किया। चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हम काम पर विश्वास करते हैं लेकिन दूसरी ओर विरोधी लोग समाज में झगड़ा लगाने का काम करते हैं, समाज में कटुता पैदा कर रहे हैं। बिहार सरकार को केंद्र ने 50 हजार करोड़ रुपया सडक़ों व पुलों के निर्माण के लिए दिया है। बिहार देश का पहला राज्य है जहां महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण मिला है। बरौनी में फिर से खाद बनेगा जो गैस के माध्यम से होगा। हम चाहते हैं कि फिर से देश में नरेंद्र मोदी की सरकार बने।

वहीं   उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने बिना संविधान को छेड़छाड़ किए उच्च जाति के गरीब लोगों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का काम किया। 13 साल नीतीश कुमार एवं पांच साल नरेंद्र मोदी जी ने इतना काम किया है कि राजद और कांग्रेस तीन जन्म में भी नहीं कर सकते। नरेंद्र मोदी को इसलिए वोट देना चाहिए क्योंकि इन्होंने गरीबों के लिए कार्य किया है। इन पर पांच साल में कोई भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा है। वहीं दूसरी ओर केंद्र मंत्री रामविलास पासवान ने कहा कि केंद्र सरकार की सहायता से बिहार बड़ी तेजी से आगे बढ़ रहा है। कांग्रेस कहती है कि देश का चौकीदार चोर है जबकि 90 से 95 प्रतिशत पासवान जाति के लोग ही चौकीदार हैं। क्या देश के सभी पासवान चोर हैं? आज भारत का नाम देश-दुनिया में फैला है, नरेंद्र मोदी की सरकार गरीबों, दलितों एवं अतिपिछड़ों की सरकार है।


Share To:

Post A Comment: