सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम के संबंध में बैठक संपन्न,
आयोजन को लेकर कलेक्टर ने दिये निर्देश
सीहोर, एमपी मीडिया पाइंट 

      स्वामी विवेकानन्द के जन्मदिन एवं युवा दिवस 12 जनवरी के उपलक्ष्य में सम्पूर्ण जिले में सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम कार्यक्रम आयोजन के संबंध में कलेक्ट्रेट कार्यालय में कलेक्टर गणेश शंकर मिश्रा की अध्यक्षता बैठक में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को शासन के निर्देशानुसार सूर्य नमस्कार कार्यक्रम के आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। उन्होंने सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए। सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम 12 जनवरी को आवसीय विद्यालय परिसर में प्रातः 09 बजे से आयोजित किया जाएगा। 
      सामूहिक सूर्य नमस्कार जिले के सभी शासकीय तथा अशासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा शिक्षण संस्थाओं में आयोजित किया जाएगा तथा स्वामी विवेकानंद पर केन्द्रित प्रेरणादायी शैक्षिक तथा सांस्कृतिक आयोजन भी किए जाएंगे। सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन सभी शिक्षण संस्थाओं में एक साथ एक संकेत पर किया जाएगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण रेडियो के माध्यम से होगा।
-------------                                                                                      
गणतंत्र दिवस समारोह में पुरस्कृत/सम्मानित किये जाने वाले
अधिकारी/कर्मचारियों की सूची 15 जनवरी तक प्रस्तुत करें

सीहोर,

      अपर कलेक्टर विनोद कुमार चतुर्वेदी द्वारा समस्त विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया गया है कि अपने-अपने विभाग में अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा कोई उत्कृष्ट कार्य किया गया है या शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन में विशिष्ट योगदान दिया गया और उन्हें गणतंत्र दिवस समारोह में सम्मानित करना चाहते हैं तो उनकी सूची 15 जनवरी तक उपलब्ध करायें। जिन अधिकारी/कर्मचारियों को सम्मानित किया जाना है उनके द्वारा किये गये उत्कृष्ट कार्य के संबंध में लगभग 50 शब्दो की टीप दी जाए, साथ ही उनके विरुद्ध कोई शिकायत या जांच लंबित हो तो उसकी परीक्षण कर लिया जाए। जिन अधिकारी/कर्मचारियों को विगत 2-3 वर्षों में सम्मानित किया जा चुका हो उनके नाम दौबारा न भेंजे। 
---------------                                                                                     
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर होंगी महाविद्यालय स्तरीय प्रतियोगितायें

सीहोर,

      राष्ट्रीय मतदाता दिवस जिसका आयोजन 25 जनवरी को किया जाना है उसके तहत प्रतियोगिताओं का आयोजन महाविद्यालय, जिला व राज्य स्तर पर किया जायेगा उसके तहत महाविद्यालय में निबंध, वाद-विवाद, चित्रकला व स्लोग्न प्रतियोगिता का आयोजन किया गया ।
      महाविद्यालय स्तर पर चयनित प्रथम विद्यार्थी जिला स्तर पर अपनी सहभागिता करेंगें  कार्यक्रम का प्रारम्भ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ.पुष्पा दुबे के आर्षीवचन से हुआ निबंध प्रतियोगिता का विषय भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है था रंग व अकृति के माध्यम से निःशक्त मतदाताओं के लिये सुविधायें को विद्यार्थियों ने चित्रकला के माध्यम से दर्शाया। स्लोग्न का विषय चुनाव में महिलाओं की भागीदारी पर अपने विचारों को अंकित किया तथा वाद-विवाद का विषय-आनलाईन वोटिंग एक बहतर विकल्प पर बेबाकी से अपने विचारों को व्यक्त किया। जिला स्तर पर 12 जनवरी को विभिन्न प्रतियोगिताओ का आयोजन किया जायेगा। विभिन्न प्रतियोगिता में लगभग 80 विद्यार्थियों ने सहभागिता की इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. पुष्पा दुबे के अलावा डॉ.सलूजा, डॉ.रोहिला उपस्थित थे।
-------------                                                                                    
चन्द्रशेखर आजाद शासकीय महाविद्यालय में मनाया गया विश्व हिन्दी दिवस

सीहोर, एमपी मीडिया पाइंट 

   चंद्रशेखर आजाद शासकीय स्‍नातकोत्‍तर अग्रणी महाविद्यालयए में बैंक ऑफ इण्डिया एवं महाविद्यालय के संयुक्‍त तत्‍वाधान में आयोजित विश्‍व हिन्‍दी दिवस के अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ पुष्‍पा दुबे ने कहा कि भाषा संस्‍कृति की बाहक है। हिन्‍दी भाषा हमारे संस्‍कारों की जननी है। हिन्‍दी ही वह भाषा है जो भारत को एकता के सूत्र में बांधती है। इसी भाषा के दम पर भारत विश्‍व गुरू कहलाता है।
   बैंक ऑफ इण्डिया के मुख्‍य प्रबंधक जीके तिवारी ने विश्‍व‍ हिन्‍दी दिवस की सार्थकता पर विस्‍तार से प्रकाश डालते हुये कहा कि हिन्‍दी विश्‍व की दूसरी सबसे बड़ी भाषा है। बैंक ऑफ इण्‍डिया प्रतिवर्ष 10 जनवरी को विश्‍व हिन्‍दी दिवस के आयो‍जन में सहभागी बनता है एवं हिन्‍दी सेवियों का सम्‍मान करता है। डॉ सुमन रोहिला ने कहा कि हिन्‍दी की तकनीकी शब्‍दावली को सुदृढ़ करने की आवश्‍यकता है। इस अवसर पर एम.ए.हिन्‍दी में सर्वोच्‍च अंक प्राप्‍त करने वाले विद्यार्थी विनोद कुमार को 1101 रुपये की नगद राशि देकर बैंक ऑफ इण्डिया की ओर से सम्‍मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ कमलेश सिंह नेगी ने किया एवं आभार व्यक्त वरिष्ठ प्रबंधक सुश्री मुक्ता यादव ने किया।
-------------                                                                                    
मिशन परिवार विकास पखवाडे़ का आयोजन आज से,
गांव-गांव भ्रमण करेगा जनजागरूकता सारथी रथ,
दी जाएगी परिवार कल्याण कार्यक्रमों की जानकारी

सीहोर,

    मिशन परिवार विकास पखवाडे़ का आयोजन 11 जनवरी से 25 जनवरी 2019 तक किया जाएगा। इस दौरान सेक्टर तथा समस्त गांवों में परिवार कल्याण कार्यक्रम, जनजागरूकता सारथी रथ का संचालन किया जाएगा। परिवार कल्याण की सेवाओं  की जानकारी, पाम्पलेट का वितरण, आडियो संदेश का प्रसारण किया जाएगा वहीं परिवार कल्याण के अस्थायी साधनों का वितरण भी सारथी रथ के माध्यम से किया जाएगा।
   जिला परिवार कल्याण अधिकारी डॉ.आनंद शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार द्वारा जिले को मिशन परिवार विकास कार्यक्रम में शामिल किया गया है। जिसके अंतर्गत महिला नसबंदी प्रसव के तुरंत पश्चात या 7 दिवस के अंदर कराने पर हितग्राही महिला को 3 हजार रूपए तथा प्रेरक को 400 रुपये प्रदान किए जाते है। वहीं मिनीलैप अथवा दूरबीन पद्धति से एलटीटी नसबंदी कराने पर महिला हितग्राही को 2 हजार एवं प्रेरक को 300 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।
   पुरूष नसबंदी कराने पर हितग्राही पुरूष को 3 हजार रूपए एवं प्रेरक को 400 रुपये प्रदान किए जाते है। वहीं गर्भनिरोधक अंतराल साधन अंतरा इंजेक्शन लगाने पर महिला हितग्राही को 100 रुपये प्रति इंजेक्शन एवं पीपीआईयूसीडी लगवाने पर महिला हितग्राही को 300 रुपये की प्रोत्साहन राशि मिशन विकास कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदान की जाती है। इस पखवाडे़ के दौरान मैदानी अमले एएनएम, आशा कार्यकर्ता, आशा व आशा सहयोगिनी तथा एमपीडब्ल्यू को एक-एक नसबंदी केस कराने एवं अंतरा व पीपीआइयूसीडी के दो-दो केस कराने का लक्ष्य प्रदान किया गया है।
-------------                                                                                  
कलेक्टर ने की पत्रकारों से चर्चा
सीहोर,
      कलेक्टर गणेश शंकर मिश्रा ने गुरुवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जिले के पत्रकारों से सौजन्य भेंट की। इस मौके पर कलेक्टर ने मुख्यमंत्री फसल ऋण माफी योजना के बारे में पत्रकारों से विस्तार से चर्चा करते हुए योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आमजनों तक शासन की योजनाओं को पहुंचाने के लिये जिला प्रशासन तत्पर रहेगा और अपेक्षा की है कि प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया का सकारात्मक सहयोग जिला प्रशासन को हमेशा की तरह आगे भी प्राप्त होगा। जिले के सभी विकासखंडों से प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के प्रतिनिधि इस अवसर पर उपस्थित थे।
---------------                                           
Share To:

Post A Comment: