भारत का मून मिशन चंद्रयान-3 ने चांद के साउथ पोल पर सफल लैंडिंग कते ही इतिहास रच दिया. भारत दुनिया का पहला देश है जो इस जगह पर पहुंचा है.



 रोवर ने की चांद की सैर, इसरो बोला- मेड इन इंडिया

चंद्रयान-3 के चांद पर पहुंचने के बाद लैंडर विक्रम से निकलकर रोवर प्रज्ञान ने चांद की सैर की है. इस बात की जानकारी इसरो ने ट्वीट करके दी. इसरो ने कहा, "मेड इन इंडिया, मेड फॉर मून. सीएच-3 रोवर लैंडर से नीचे उतरा भारत ने की चांद पर सैर!"

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर यूएन ने भी दी बधाई

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष की प्रवक्ता पॉलिना कुबियाक ने कहा, "राष्ट्रपति ने भारत को बधाई दी..."

 चंद्रयान-3 की सफलता पर त्रिपुरा में बजे ढोल नगाड़े

चंद्रयान-3 ने चांद पर लैंडिंग कर ली. इस मौके पर देश में जश्न का माहौल है. पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा में भी देश के नागरिकों ने ढोल नगाड़े और आतिशबाजी करके इसका जश्न मनाया और मुख्यमंत्री माणिक साहा ने भी हिस्सा लिया. 

बैकग्राउंड

 भारत ने चांद पर तिरंगा फहरा दिया है. मून मिशन चंद्रयान-3 ने चांद के साउथ पोल पर बुधवार (23 अगस्त) की शाम 6 बजकर 4 मिनट पर सफल सॉफ्ट लैंडिंग की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर देश की जनता ने इस नजारे को लाइव देखा. इसके बाद देश में जश्न का माहौल था. कही भजन-कीर्तन तो कहीं पटाखों की गूंज से ऐसा लग रहा था मानो किसी पर्व को मना रहे हों. 

इसकी गूंज पूरी दुनिया में सुनने को मिली. अमेरिका, यूरोप, रूस और यहां तक कि पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान से भी भारत की इस उपलब्धि पर बधाई आई. इसरो की इस उपलब्धि को अंतरिक्ष इतिहास में एक 'अतुल्य' क्षण करार दिया गया.

साउथ पोल पर उतरने वाला पहला देश बना भारत

भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान उतारने वाला दुनिया का पहला देश बन गया. इससे कुछ दिन पहले रूस का मानवरहित लूना-25 अंतरिक्ष यान अनियंत्रित होकर चंद्रमा पर गिर गया था. अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के प्रमुख बिल नेल्सन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की सफलतापूर्वक लैंडिंग के लिए इसरो को बधाई! चंद्रमा पर अंतरिक्ष यान की सफलतापूर्वक सॉफ्ट-लैंडिंग कराने वाला चौथा देश बनने पर भारत को बधाई. हमें इस मिशन में आपका भागीदार बनकर खुशी हो रही है.”

रूस के सरकारी अंतरिक्ष निगम ‘रोस्कोस्मोस’ ने भी भारत को बधाई दी. ‘रोस्कोस्मोस’ ने एक बयान में कहा, “रोस्कोसमोस चंद्रयान-3 अंतरिक्ष यान की सफल लैंडिंग पर भारत को बधाई देता है.”

यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के महानिदेशक जोसेफ एशबैकर ने ‘एक्स’ पर लिखा, “अतुल्य! इसरो और भारत के सभी लोगों को बधाई!!' उन्होंने लिखा, “भारत ने नयी तकनीकों का प्रदर्शन करते हुए किसी अन्य खगोलीय पिंड पर पहली सॉफ्ट लैंडिंग की. शाबाश, मैं पूरी तरह प्रभावित हूं.” ब्रिटेन की अंतरिक्ष एजेंसी ने ‘एक्स’ पर लिखा, 'इतिहास बन गया! इसरो को बधाई.'

Share To:

Post A Comment: