इस देश को मोदी नहीं, देश के युवा, किसान, महिलाऐं, मजदूर और छोटे दुकानदार चलाते हैं
यूपीए सरकार ने किसानों को 70 हजार करोड़ का कर्ज माफ किया, मोदी ने किसानों का अपमान किया: राहुल गांधी

दतिया एमपी


अखिल भारतीय काँग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री राहुल गांधी ने आज दतिया की विशाल आमसभा में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मन की बात करते हैं, लेकिन उनके मन में कमजोर वर्गों, युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए कोई जगह नहीं है। उनके दिल में यदि जगह है तो केवल अनिल भाई, नीरव भाई, ललित भाई और विजय भाई के लिये। क्या आपने नरेन्द्र मोदी को किसी गरीब के लिये भाई बोलते सुना है? यूपीए सरकार मनरेगा योजना लेकर आयी। योजना को चलाने में 35 हजार करोड़ रूपये लगते हैं। आपकी मेहनत का यह पैसा नीरव मोदी विदेश लेकर भाग गया।

 राहुल गांधी ने कहा कि रोहित वेमुला पढ़ाई करना चाहता था, लेकिन उसे कुचलकर मार दिया जाता है। गुजरात में आदिवासियों को पीटा जाता है। नरेन्द्र मोदी आपके मन की बात नहीं, अपने मन की बात सुनकर सरकार चलाना चाहते हैं। लेकिन वे भूल जाते हैं कि इस देश को गरीब जनता, छोटे दुकानदार और किसान चलाते हैं। नरेन्द्र मोदी ने अनिल अंबानी, विजय माल्या, मेहुल चैकसी, नीरव मोदी को पैसा दिया, लेकिन कांग्रेस की सरकार आने पर वह पैसा युवाओं को उद्योग लगाने के लिए और छोटे व्यापारियों को व्यापार करने के लिए देगी। अमेरिका के राष्ट्रपति कहते हैं कि अमेरिका से दो देश ही मुकाबला कर सकते हैं, एक चीन और दूसरा हिन्दुस्तान। 70 साल पहले देश में न सड़के थीं, न कारखाने थे, न इतने हवाई जहाज थे। नरेन्द्र मोदी कहते हैं कि 2014 से पहले देश सो रहा था तो प्रधानमंत्री किसका अपमान कर रहे है? यदि आज हिन्दुस्तान को किसी ने यहां तक पहुंचाया है तो वे हैं हमारे, किसान, छोटे-व्यापारी, युवा और इस देश की जनता।

गांधी ने कहा कि यूपीए सरकार ने किसानों का 70 हजार करोड़ रूपये का कर्ज माफ किया, क्योंकि किसानों का हक बनता है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों का अपमान किया है। मैंने उनसे कहा कि मोदी जी किसानों का कर्ज माफ कीजिये, किंतु उन्होंने यहां तक नहीं कहा कि मैं कोशिश करूंगा, यह भी नहीं कहा कि हां मैं किसानों का दर्द जानता हूं। उन्होंने यदि लाभ पहुंचाया है तो पैसा लेकर भागने वाले उद्योगपतियों को। नीरव मोदी, वित्त मंत्री अरूण जेटली से मिलता है और कहता है कि मैं लंदन जा रहा हूं। इसे खुद जेटली ने स्वीकार किया और मोदी 35 हजार करोड़ रू. लेकर भाग जाता है। बिल्कुल वैसे ही जैसे कोई चोर पुलिस स्टेशन में इंस्पेक्टर से कहे कि मैं जा रहा हूं।

 राहुल गांधी ने कहा कि मैं दो दिन पहले हिन्दुस्तान ऐयरोनाटिक्स लिमिटेड गया था, कंपनी के लोगों से रफाॅल पर बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने हवाई जहाज का कान्ट्रेक्ट हमसे छीनकर अपने मित्र अनिल अंबानी को दिलवा दिया। फ्रांस की कंपनी से कहा कि यदि कान्ट्रेक्ट चाहिए है तो यह काम अनिल अंबानी को दे दो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि हर साल दो करोड़ लोगों को रोजगार मिलेगा।
मध्यप्रदेश में कोई बता दे कि कितने लोगों को रोजगार मिला। कांगे्रस की सरकार बनने पर हम मुख्यमंत्री से कहेंगे कि 24 घंटे में से 18 घंटे युवाओं को रोजगार देने में लगा देना। मैं चाहता हूं कि ‘‘मेड इन एमपी’’, ‘‘मेड इन इंडिया हो।’’ मैं कभी नहीं कहूंगा कि आपके खाते में 15 लाख डाल दूंगा। मैं झूठा वादा नहीं करूंगा।
श्री गांधी ने कहा कि कांगे्रस की सरकार बनने पर दस दिन में किसानों का कर्जा माफ होगा। यह हमने कर्नाटक में कहा था और वहां सरकार बनने पर किसानों का कर्जा 10 दिन में माफ हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता हमारी रीढ़ की हड्डी हैं। मध्यप्रदेश में सरकार बनने पर पहले नंबर में युवा और किसान रहेंगे और दूसरे नंबर पर कांगे्रस कार्यकर्ताओं की सरकार होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आव्हान किया कि हर पोलिंग बूथ पर लड़ो और मध्यप्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार लाओ।

प्रदेश काँग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि हर चुनाव प्रजातंत्र का उत्सव होता है। प्रजातंत्र के उत्सव में हर चुनाव के मायने होते हैं। आज प्रदेश बेरोजगार नौजवानों में नंबर वन है। किसानों, व्यापारियों, गरीब, मजदूरों की तस्वीर सबके सामने हैं, सबसे ज्यादा बेरोजगारी मध्यप्रदेश में है। भ्रष्टाचार एक व्यवस्था वन गई है और वह गांव से शुरू होती है। गरीबी रेखा में नाम जुड़वाने के लिये 15 से 20 हजार रूपये लगते हैं। मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया, डिजीटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया जैसे नारों से देश के नौजवानों को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांगे्रस की एक संस्कृति है, एक इतिहास है। हम किसानों के बारे में सोचते हैं। उनकी कर्ज माफी के बारे में सोचते हैं, बड़े उद्योग लगाने के बारे में सोचते हैं। कांगे्रस और भाजपा में इसी सोच का अंतर है।

 चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर मंडी में किसानों को नकद भुगतान दिया जायेगा। आज मंडियों में लाईन लगती है। किसानों के साथ भ्रष्टाचार हो रहा है। फसल बीमा योजना में एक रूपये तक के चेक किसानों को मिले हैं। भावांतर योजना एक भ्रष्टाचार योजना है। किसान दर-दर की ठोकरें खा रहा है। पेट्रोल-डीजल के दाम बुलेट की तरह बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चैहान अब अपने निवास से वल्लभ भवन तक साईकिल से क्यों नहीं जाते। उनकी नर्मदा सेवा यात्रा वास्तव में नर्मदा सर्वे यात्रा थी, दिन में नर्मदा यात्रा और रात को अवैध उत्खनन। वचन जाये पर प्राण न जाये। यह घोषणावीर की सरकार है।

सभा के दौरान दतिया के पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष गुरूदेवशरण गुप्ता और सेवढ़ा के भाजपा विधायक प्रदीप अग्रवाल के चाचा राधेलाल अग्रवाल काँग्रेस में शामिल हुए। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया, राष्ट्रीय सचिव संजय कपूर, सुरेश पचैरी, कांतिलाल भूरिया, राजमणि पटेल, राजेन्द्र भारती, घनश्याम सिंह, के.पी.सिंह, महेन्द्र बौध, राजवर्धनसिंह दत्तीगांव, शोभा ओझा, मांडवी चैहान सहित स्थानीय नेता उपस्थित थे।
Share To:

Post A Comment: