बच्चों का टीकाकरण के सांथ मीजल्स रूबेला टीकाकरण अभियान हुआ प्रारंभ

सीहोर, एमपी मीडिया पाइंट 

      स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार वर्ष 2020 तक खसरा (मीजल्स) रोग एवं रुबेला निर्मूलन एवं रुबेला रोग नियंत्रण किया जाना है। मंगलवार को मीजल्स रुबेला टीकाकरण अभियान का शुभारंभ शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में किया गया। आयोजन के‍ मुख्य अतिथि विधायक श्री सुदेश राय के साथ-साथ धर्मगुरुओं में मुस्लिम समाज के जनाब इशहाक खान, मुल्ला हकीमउद्दीन, सिक्ख समाज के इकबाल सिंह तलवार, ईसाई समाज से फादर अजय इक्का, गायत्री शक्तिपीठ से ओपी शैव, कबीर आश्रम प्रमुख मंहत मुन्नालाल साहेब, समाज सेवी डॉ. अनीस खान, श्री भूरा यादव,भगत सिंह तोमर आदि उपस्थित थे।
     अभियान के अन्तर्गत 9 माह से 15 वर्ष तक के बच्चों को (एम.आर.) वैक्सीन से टीकाकृत किया जाना है। अभियान में समस्त विद्यालयों (सरकारी, निजी,अनुदान प्राप्त एवं मदरसे आदि) में दर्ज 15 वर्ष तक के बच्चों को टीकाकृत किया जाएगा। आंगनवाड़ी में दर्ज 9 माह से अधिक उम्र के बच्चों तथा छूटे हुए सभी बच्चों को स्वास्थ्य विभाग की मोबाईल टीम द्वारा टीकाकृत किया जाएगा।
     टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ अनोखे अंदाज में करते हुए उत्कृष्ट विद्यालय के दो बच्चे कुमारी आकांक्षा एवं अभिषेक को मीजल्स रुबैला का टीका लगाकर किया गया। कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री सुदेश राय ने कहा कि मीजल्स रुबैला रोग बहुत खतरनाक बीमारी है। विज्ञान एवं तकनीक में निरंतर हो रहे नये प्रयोग एवं अविष्कारों की वजह से आज भारत एवं पूरा विश्व कई घातक बीमारियों से मुक्त हो चुका है। इसी प्रकार मीजल्स रुबैला रोग से भी जल्द ही हम सब आजाद हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि धरती पर डॉक्टर को ईश्वर का रूप माना जाता है और जिले की स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम पूर्ण समर्पण के साथ अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहीं है। मीजल्स रुबैला टीकाकरण अभियान में सभी विभाग अपना योगदान दे रहे हैं। जनजागरुकता के माध्यम से यह अभियान अवश्य सफल होगा।
      कार्यक्रम का संचालन जिला परिवार कल्याण अधिकारी डॉ आनंद शर्मा ने किया। आभार व्यक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ प्रभाकर तिवारी ने किया। इस अवसर पर शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्राचार्य रवीन्द्र बांगरे, सिविल सर्जन डॉ.भारत भूषण आर्य, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ चंदेल, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ टी.आर.उईके आदि उपस्थित थे। 
  -------------------                                       
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने किया आंवली घाट का निरीक्षण


सीहोर,

      कलेक्टर गणेश शंकर मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री राजेश चंदेल ने मंगलवार को बुदनी विकासखंड के आंवली घाट, बुदनी घाट, बांद्राभान, सूरज कुण्ड आदि का निरीक्षण किया। मकर संक्रान्ति एवं अन्य त्यौहारों पर भारी मात्रा में श्रद्धालु इन घाटों पर स्नान के लिये आते हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने घाटों पर व्यवस्थाओं का जाएजा लिया। आंवलीघाट पर साफ-सफाई करवाने के निर्देश कनेक्टर ने वहां के सरपंच का दिये। होमगार्ड को गहरे पानी में खंबे एवं तीन रस्से बांधने के लिये निर्देशित किया। इसी प्रकार बुदनी घाट, बांद्राभान एवं सूरजकुंड पर भी उचित व्यवस्थाएं जैसे स्नान, पार्किंग आदि के लिये बुदनी के अनुविभागीय अधिकारी शैलेन्द्र हिनोतिया को निर्देश दिये।
---------------                                        
दो दिवस के भीतर भेंजे अनुकंपा नियुक्ति प्रकरण

सीहोर,

      अपर कलेक्टर वीके चतुर्वेदी ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि शासकीय सेवकों की सेवाकाल में मृत्यु होने पर अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरण प्रपत्र में दो दिवस के भीतर सीधे कलेक्ट्रेट की स्थापना शाखा में उपलब्ध करना सुनिश्चत करें। विलंब की स्थिति में संबंधित विभाग प्रमुख के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
      राज्यशासन के निर्णय अनुसार अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों को अभियान चलाकर प्राथमिकता के आधार पर निराकृत किया जाना है। सभी विभाग 29 सितंबर 2014 को जारी दिशा निर्देश के अनुसार अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों का अतिशीघ्र निराकरण करना सुनिश्चत करें।
-------------                                      
जिले की रौशनी का हुआ नेशनल वेट-लिफ्टिंग टूर्नामेंट के लिये चयन


सीहोर,

      महारानी लक्ष्मीबाई कन्या विद्यालय की 12 वीं कक्षा की छात्र कुमारी रौशनी धुर्वे का चयन नेशनल वेट लिफ्टिंग टूर्नामेंट के लिये हुआ है। यह टूर्नामेंट आंध्रप्रदेश के कुरनूल में 17 जनवरी से प्रारंभ होगा। रौशनी सीहोर के थूना-पचामा ग्राम की निवासी हैं एवं उनके पिता बृजलाल धुर्वे कृषक हैं। रौशनी की कोच सुश्री अरुणा पारे के उचित मार्गदर्शन में रौशनी अब दूसरी बार नेशनल वेट लिफ्टिंग टूर्नामेंट का हिस्सा बनने जा रही है। रौशनी के चयन पर जिला शिक्षा अधिकारी एसपी त्रिपाठी एवं एमएलबी स्कूल की प्राचार्या श्रीमती सरिता राठौर ने शुभकामनाएं दी है।
--------------                                                                                      
जिला स्तरीय गोपाल पुरस्कार योजनान्तर्गत
पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन बुधवार को

सीहोर,

      पशुपालन विभाग उपसंचालक ने जानकारी दी कि भारतीय उन्नत नस्ल के गौवंशीय एवं भैंसवंशीय पुशओं के पालन को बढावा देने और अधिक दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए गोपाल पुरस्कार योजना अन्तर्गत जिला स्तरीय गोपाल पुरस्कार देशी नस्ल की गायों एवं भैंसों की दुग्ध प्रतियोगिता के तहत पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन 16 जनवरी को जिला पशु चिकित्सालय प्रांगण नदी चौराहा सीहोर पर किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीहोर विधायक सुदेश राय रहेंगे एवं अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला मरेठा करेंगी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती अमिता जसपाल अरोरा, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक अध्यक्ष श्रीमती उषा सक्सेना एवं कृषि स्थायी समिति सभापति राजेश गौर उपस्थित रहेंगे।
      उपसंचालक पशुपालन द्वारा इलेक्ट्रानिक एवं प्रिंट मीडिया के बंधुओं एवं गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया गया है।
------------                                                                                           
मुख्यमंत्री फसल ऋण माफी योजना को लेकर कलेक्टर ने दिये निर्देश

सीहोर,

      कलेक्टर श्री गणेश शंकर मिश्रा द्वारा जिले के किसानों की फसल ऋण से मुक्ति हेतु मुख्यमंत्री फसल ऋण माफी योजना को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
      लीड बैंक मैनेजर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक सीहोर एवं क्षेत्रीय प्रबंधक क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक द्वारा समस्त बैंक शाखा प्रबंधक द्वारा ऋणी कृषकों के बैंक खातों से आधार अभिप्रमानण की जानकारी एकत्रित की जाए तथा ग्रामवार व बैंक शाखावार ऐसे किसानों की सूची तैयार की जाए जिनके बैंक खाता आधार से अभिप्रमाणन नहीं हैं तथा सूची मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं मुख्य को भेजना सुनिश्चत करें।
      समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत/जनपद पंचायत बैंक से प्राप्त कृषकों की सूची में सम्मिलित किसानों के आधार की जानकारी रोजगार सहायक/सचिव द्वारा एकत्रित करकर बैंक शाखा में आधार अभिप्रमाण के लिये भिजवाना सुनिश्चत करें। समस्त बैंक शाखा प्रबंधक कृषकों के बैंक खाता से आधार अभिप्रमाणन के लिय कृषक/रोजगार सहायक/सचिव द्वारा जानकारी प्रस्तुत करने पर अभिप्रमणन की कार्यवाही सर्वोच्च प्राथमिकता से करें।    
------------                                      
भारत पर्व की व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देश जारी

सीहोर,

      कलेक्टर गणेश शंकर मिश्रा के निर्देशानुसार गणतंत्र दिवस अवसर पर भारत पर्व मनाये जाने के संबंध में अपर कलेक्टर विनोद कुमार चतुर्वेदी द्वारा संबंधित विभागों को आयोजन की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। 26 जनवरी की संध्या को जिले के रवीन्द्र सांस्कृतिक भवन (टाउनहाल) में भारत पर्व आयोजित किया जाएगा। शिक्षा विभाग एवं सामाजिक न्याय विभाग द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रदर्शनी का आयोजन, नगरपालिका द्वारा टाउनहाल परिसर में मंच सज्जा, लाइट, उच्च स्तरीय साउंड व्यवस्था, पेयजल, बैठने के लिये कुर्सियों की, साफ-सफाई आदि की व्यवस्था करने की जिम्मेदारियां सौंपी है।
------------                                               समेकित बाल संरक्षण योजना अंतर्गत विभिन्न घटकों की
जिला स्तरीय समन्वय बैठक संपन्न

सीहोर,

      समेकित बाल संरक्षण योजना अंतर्गत विभिन्न घटकों की जिला स्तरीय समन्वय बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिला बाल संरक्षण इकाई, किशोर न्याय बोर्ड, बाल कल्याण समिति, विशैष किशोर पुलिस इकाई के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
      जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री संजय प्रताप सिंह ने बैठक के एजेण्डा में समेकित बाल संरक्षण योजना अंतर्गत संचालित फास्टर केयर योजना, स्पान्सरशिप योजना, दत्तक ग्रहण व भिक्षावृत्ति निवारण अभियान के आंकडे आदि पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।
      विशेष किशोर पुलिस इकाई प्रभारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री समीर यादव ने पाक्सो एक्ट के संबंध में बच्चों के मामले में तत्काल कार्यवाही किये जाने तथा जानकारी बाल कल्याण समिति को उपलब्ध कराने हेतु उपस्थित सभी थानों के बाल कल्याण अधिकारियों को हिदायत दी तथा समेकित बाल संरक्षण योजना के समस्त घटकों को प्रशिक्षित किये जाने हेतु कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। बैठक में सीहोर जिले में बाल गृह की विशेष आवश्यकता को देखते हुऐ जिले मे बाल गृह खोले जाने हेतु प्रस्ताव राज्य शासन को भेजे जाने पर चर्चा की गई।
      बैठक में जिला बाल संरक्षण इकाई से बाल संरक्षण अधिकारी अमित दुबे,अनिल पोलाया, परामर्शदाता श्सुरेश पांचाल, सामाजिक कार्यकर्ता सुश्री निशा मिश्रा आदि उपस्थित थे।
----------------                                                                             
जनसुनवाई में आए लगभग 65 आवेदन


सीहोर, 

      मंगलवार को केलक्ट्रेट के सभाकक्ष में अपर कलेक्टर श्री विनोद कुमार चतुर्वेदी ने आमजनों की समस्याएं सुनी। जनसुनवाई में लगभग 65 आवेदन प्राप्त हुए। शिकायतों में राशन की पात्रता पर्ची, प्रसूति सहायता राशि, प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि, अनुकंपा नियुक्ति आदि के प्रकरणों को तुरंत संबंधित अधिकारी के पास भेजा गया।
--------------                                                                                     
कृषि कल्याण तथा कृषि विकास, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री
आज सीहोर जिले के भम्रण पर रहेंगे

सीहोर, 

      कृषि कल्याण तथा कृषि विकास, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री सचिन यादव आज सीहोर जिले के भम्रण पर रहेंगे।
      जारी दौरा कार्यक्रम अनुसार कृषि कल्याण तथा कृषि विकास, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्री सचिन यादव 16 जनवरी को प्रात: 9 बजे भोपाल से प्रस्थान कर प्रात:11 बजे सीहोर जिले की नसरुल्लागंज तहसील के ग्राम लाड़कुई पहुंचेगे जहां कृषक ऋण मुक्ति आवेदन अभियान कार्यक्रम में शामिल होंगे। तत्पश्चात दोपहर 12 बजे ग्राम भादाकुई, 12:10 बजे ग्राम छिदगांव, 12:20 बजे ग्राम बिजला में स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। दोपहर 12:30 बजे नसरुल्लागंज में किसन सम्मेलन कार्यक्रम में शामिल होंगे। तत्पश्चात 1:30 बजे ग्राम राला, 1:40 बजे ग्राम नंदगांव, 1:50 बजे ग्राम सोसायटी, 2 बजे ग्राम सतराना, 2:20 बजे ग्राम रामगढ़ा में स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। दोपहर 2:30 बजे ग्राम सोयत में कृषक ऋण मुक्ति आवेदन अभियान कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 2:45 बजे ग्राम निपानिया, 3 बजे ग्राम चकल्दी, 3:45 बजे ग्राम गोडीगुराड़िया, 4 बजे रेहटी में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। तत्पश्चात 4:30 बजे रेहटी से भोपाल के लिये प्रस्थान करेंगे। 
------------
Share To:

Post A Comment: