हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के सातवें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने वाले सुखविंदर सिंह सुक्खू कांग्रेस (Congress) के केंद्रीय आलाकमान राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) के खास लोगों में शुमार हैं. साधारण पृष्ठभूमि वाले सुक्खू की संगठनात्मक पकड़ के चलते वह आलाकमान की पसंद माने जाते हैं. साल 2013 में सुखविंदर सिंह सुक्खू को जब हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष पद की कमान दी गई, उस समय भी वे राहुल गांधी की पसंद पर ही अध्यक्ष बने थे.

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने छह साल तक अध्यक्ष रहते हुए हिमाचल कांग्रेस में अपनी बेहतरीन संगठनात्मक कुशलता का परिचय दिया. इसके बाद साल 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले जब विभिन्न समितियां बनने की बात आईं. उस समय राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने ही सुखविंदर सिंह सुक्खू को हिमाचल कांग्रेस प्रचार समिति के अध्यक्ष पद पर बैठाया. यह वह समय था जब सुखविंदर सिंह सुक्खू को मुख्यमंत्री के पद तक पहुंचाने की पटकथा लिखी जा रही थी. प्रचार समिति के अध्यक्ष पद पर काबिज होते ही सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मुख्यमंत्री बनने की आधी राह को पार कर लिया.

Share To:

Post A Comment: